एटा: पर्यावरण संरक्षण के मुद्दे पर उत्तर प्रदेश व्यापार मंडल, जनपद एटा ने कड़ा रुख अपनाते हुए पॉलीथिन पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने की माँग को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को जिलाधिकारी के माध्यम से ज्ञापन भेजा है। यह जानकारी मंडल के प्रमुख पदाधिकारियों – विजय गुप्ता, अभिनव कुलश्रेष्ठ, आदित्य भारद्वाज, अरविंद गुप्ता (रिंकू) नगर महामंत्री, उत्कर्ष गुप्ता (जिला अध्यक्षा – उद्योग मंच), वॉबी गुप्ता (जिला उपाध्यक्ष), वेद प्रकाश (कोषाध्यक्ष) एवं गौरव शर्मा (जिला संगठन मंत्री) ने संयुक्त रूप से दी।

पदाधिकारियों ने बताया कि पालीथिन का उपयोग प्रदेश के पर्यावरण और स्वास्थ्य के लिए अत्यंत हानिकारक है। पूर्व में कई बार बंदी के प्रयास किए गए, लेकिन उन्हें सफलता नहीं मिली। व्यापार मंडल ने मुख्यमंत्री से आग्रह किया है कि पालीथिन उत्पादकों पर सीधी कार्यवाही करते हुए उनके उत्पादन को पूरी तरह बंद कराया जाए। साथ ही, जिले से लेकर प्रदेश स्तर तक सख्त निर्देश जारी किए जाएँ, ताकि यह बंदी प्रभावी रूप से लागू हो सके। व्यापार मंडल के अनुसार, पालीथिन पर प्रतिबंध से न केवल पर्यावरण को राहत मिलेगी, बल्कि इससे स्वरोज़गार के नए अवसर भी खुलेंगे और छोटे उद्योगों को बढ़ावा मिलेगा।